newspaper

Founder Editor(Print): late Shyam Rai Bhatnagar (journalist & freedom fighter) International Editor : M. Victoria Editor : Ashok Bhatnagar *
A newspaper with bold, open and democratic ideas {Established : 2004}

28 दिस॰ 2012

दिल्ली में जश्न से इनकार,जयपुर में दरकिनार

जयपुर। गैंगरेप कांड की पीडिता और उसे न्याय दिलाने के लिए आंदोलनरत युवाओं के प्रति सहानुभूति रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के 128वें स्थापना दिवस पर किसी भी जश्न से इनकार कर दिया है लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के इस कथन के उलट प्रदेश कांग्रेस जयपुर में जश्न मना रही है। 

रामलीला मैदान में आयोजित संकल्प रैली के चलते राजधानी कांग्रेसी रंग में रंगी नजर आ रही है। इस रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,प्रदेश कांगे्रस प्रभारी मुकुल वासनिक,केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी,पीसीसी अध्यक्ष चंद्रभान समेत अन्य कई बड़े कांगे्रसी नेता शामिल हो रहे हैं। जबकि प्रदेश से करीब एक लाख कांगे्रसी आने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जयपुर में इस संकल्प रैली को राज्य सरकार के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है,जिससे आम जनता को भारी परेशानी हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसीपी,एडीसीपी सहित आस-पास के आधा दर्जन थानों के पुलिस अधिकारी और भारी जाप्ता तैनात किया गया है। साथ ही पांच सौ से अधिक पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं। 


गूंज रहे हैं देशभक्ति तराने

सभा स्थल और आस-पास लगाए दो दर्जन से भी ज्यादा लाउडस्पीकर्स पर सुबह से ही देशभक्ति तराने गूंज रहे हैं। सवेरे आठ बजे तक सभा स्थल पर पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ कार्यकर्ता मौजूद थे,जो तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त दिखे। सभा स्थल के आस-पास ही चालीस से भी ज्यादा बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं।

आम जनता परेशान 

कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थल के मार्गो पर चलने वाले सामान्य यातायात को समानान्तर मार्गो पर डायवर्ट किया गया है। मानप्रकाश स्लिप लेन से लेकर बापू बाजार लिंकरोड तक एवं रामनिवास बाग गेट से न्यू गेट के बीच सभी वाहनों की पार्किग निषेध रहेगी। एमआई रोड पर वनवे व्यवस्था रहेगी। बड़ी चौपड़ से जौहरी बाजार होकर सांगानेरी गेट की तरफ आने वाला यातायात मिनर्वा सर्किल,धर्म सिंह सर्किल होकर जाएगा।

महिलाओं की अलग व्यवस्था

सवेरे दस बजे तक करीब दो सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी सभा स्थल पर दिखे। इस दौरान बाहरी इलाकों से आए सौ से ज्यादा कांगे्रसी कार्यकर्ता भी सभा स्थल का जायजा ले रहे थे। सभा स्थल पर महिलाओं के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। 

बांटी जा रही है बुकलेट 

सभा स्थल के आसपास से गुजरने वाले लोगों और सभा में आने वाले को सरकार की उपलब्घियों का बखान करने वाली बुकलेट भी बांटी जा रही है। इस बुकलेट में कांगे्रस सरकार की चार साल की चार सौ से भी ज्यादा छोटी-बड़ी उपलब्घियों को दर्शाया है। 

सड़कें रंगी कांगे्रसी रंग में

शहर के तमाम सर्किल और बड़े चौराहों पर बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। शहर कांगे्रस प्रवक्ता विमल यादव ने बताया कि रैली पूरी तरह से सफल होने की पूरी उम्मीद है। पूरे शहर को सजाया गया है और विडियोग्राफी भी की गई है। 

मैटल डिटेक्टर खराब

सुरक्षा के लिहाज से सभा स्थल पर दो मैटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। दोनों दरवाजों पर लगाए गए इन दोनों मैटल डिटेक्टर में से एक खराब है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें